जाम और रेलवे ट्रैक बाधित करने वाले 55 लोगों पर केस दर्ज
-बिजली अव्यवस्था के विरोध में शुक्रवार रात स्टेशन रोड पर हुआ था बवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। बिजली अव्यवस्था के विरोध में शुक्रवार की रात जाम लगाने और रेलवे ट्रैक बाधित कर ट्रेन रोकने की कोशिश करने वाले 55 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कराते हुए एसआई ने अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया। केस दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस ने उपद्रव करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। वीडियो फुटेज से अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
चार दिनों से बिजली अव्यवस्था से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार की रात रेलवे स्टेशन के पास जाम लगाकर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया था। जाम के चलते मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया था। मार्ग से गुजर रही एक एंबुलेंस भी काफी देर तक जाम में फंसी रही थी। आक्रोशित लोगों ने भांवत चौराहा रेलवे क्रासिंग पर तख्त आदि डाल कर ट्रैक बाधित कर दिया था। ट्रैक पर लोहे की जंजीर बांधा दी थी। इस बीच कालिंदी एक्सप्रेस के आने का सिग्नल भी मिल गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए अवरोध डाल रहे लोगों को हटाकर ट्रैक से अवरोध हटवाए थे।
इस दौरान शहर कोतवाल की गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के चलते हालात बिगड़ गए थे। एक युवक तो ईंट उठाकर दौड़ा तो पुलिसकर्मियों को भी पैर पीछे खींचने पड़ गए थे। बवाल के बाद दरोगा प्रीतम सिंह ने रामू उर्फ अमित चौहान, साहुल सिंह, शिवम चौहान, नितेश, राहुल तिवारी निवासी खरगजीत नगर व 50 अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। उन पर जाम और रेलवे ट्रैक बाधित कर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने उपद्रव करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। वीडियो फुटेज से अन्य लोगों की पहचान के प्रयास भी शुरू कर दिए हैं।