- औंछा क्षेत्र के युवक पर करणी सेना की ओर से दर्ज कराया गया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। औंछा थाना क्षेत्र के गांव छतारी के युवक पर करणी सेना की ओर से केस दर्ज कराया गया है। युवक पर एक समाज की बहन-बेटियों के लिए अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। युवक को सपा समर्थक बताया जा रहा है।
गांव छतारी निवासी आकाश यादव के खिलाफ करणी सेना परिवार के पदाधिकारी विष्णु चौहान ने केस दर्ज कराया है। समाज विशेष की बहन-बेटियों के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थाना औंछा में दर्ज कराए केस में आरोप है कि गांव छतारी निवासी आकाश यादव ने सोशल प्लेटफार्म पर एक वीडियो में समाज विशेष की बहन-बेटियों पर अभद्र टिप्पणी कर रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। बता दें कि यह मामला सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन से जुड़ा है। अभद्र टिप्पणी करने का आरोप जिस युवक पर लगा है। उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। इस वीडियो में युवक रामजीलाल सुमन को लेकर एक अन्य युवक द्वारा दिए जा रहे बयान को मोबाइल पर दिखाता है। इसके बाद वह कहता है कि रामजीलाल सुमन के लिए चाहे कुछ कहो। मगर, अखिलेश यादव को लेकर नहीं कहना। इसी दौरान वह समाज विशेष की बहन-बेटियों को लेकर अभद्र टिप्पणी भी करता है। एसपी देहात राहुल मिठास ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।