किशनी (मैनपुरी)। सोमवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा के दौरान स्वामी सदानंद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पर महिला परीक्षार्थी को दूसरी छात्रा की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। पकड़ी गई महिला छात्रा की भाभी निकली। पुलिस ने केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर ननद और भाभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सोमवार को पुलिस हिरासत में ली गई भाभी को थाने से जमानत दे दी गई।
कक्ष संख्या दो के कक्ष निरीक्षक निमित राय ने केंद्र व्यवस्थापक को सूचना दी कि उनके कक्ष में समाज शास्त्र की छात्रा के स्थान पर परीक्षा दे रही महिला का फोटो मिलान नहीं हो रहा है। आंतरिक सचलदल ने जब महिला से पूछताछ की तो उसने अपना नाम शिवानी पत्नी नरेंद्र कुमार निवासी नगला मूंज इटावा बताया। शिवानी और छात्रा के विरुद्ध केंद्र व्यवस्थापक ने थाना किशनी में तहरीर दी। देर रात पुलिस ने दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।