बरनाहल। निजी स्कूल की शिक्षिका की खुदकुशी मामले में पुलिस ने आरोपी सभासद और पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि पिता-पुत्र शिक्षिका का पीछा कर परेशान करते थे। परेशान होकर उसने जान दे दी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
एक गांव की 20 वर्षीय युवती का शव शनिवार शाम को घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला था। पिता ने पुलिस को बताया कि पुत्री निजी स्कूल में शिक्षिका थी। हकीमपुर के रहने वाले सभासद ब्रजेश कुमार और पुत्र जगवीर सिंह दो महीने से पुत्री की हर जगह बदनामी कर रहे थे। इससे क्षुब्ध होकर पुत्री ने खुदकुशी कर ली। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।