संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। पारिवारिक विवाद के चलते गांव कुसमा खेड़ा पहुंचे दो कार सवार आरोपियों ने गांव में रह रहे भाई की पिटाई की। आरोपियों ने फायरिंग की, जिसके चलते दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दो गाड़ियों से तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए। उनके कब्जे से दो पिस्टल और एक तमंचा कारतूस बरामद हुए। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सभी को जेल भेजा है।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव कुसमखेड़ा निवासी राकेश कुमार वर्तमान में कलेक्ट्रेट कॉलोनी लुहार बाग सीतापुर में कई वर्ष से रह रहे हैं। गांव में रह रहे भाई से उनका पारिवारिक विवाद चल रहा है। सोमवार की शाम राकेश अपने कुछ साथियों के साथ दो कार से गांव पहुंचा और भाई को पीटना शुरू कर दिया। हमलावरों ने विरोध कर रहे परिवार के लोगों से भी हाथापाई करना शुरू कर दिया। जब विरोध अधिक बढ़ गया तो राकेश कार सवार साथियों के साथ पिस्टल और तमंचे से फायरिंग करते हुए भाग निकला।
उधर पीड़ित अलकेश के पुत्र रंजीत ने कुसमाखेड़ा से होकर जा रहे प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने भाग रहे हमलावरों का पीछा शुरू कर दिया। गुहासी गांव के पास घेराबंदी कर दोनों वाहन रुकवा लिए और राकेश निवासी कुसमा खेड़ा, विष्णु निवासी तुलसी नगर ताजगंज आगरा, मंजीत निवासी गढ़ी कुसमाखेड़ा हाल निवासी कलेक्ट्रेट कॉलोनी सीतापुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो पिस्टल, तमंचा कारतूस बरामद हुए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को चालान कर जेल भेजा गया है।