फतेहाबाद फोटो।आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक में पीछे से घुसी कार , व क्षतिग्रस्त कार स्रोत यूपी
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात झपकी आने से कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। कार ट्रक में फंस गई। ट्रक चालक करीब 300 मीटर तक उसे घसीटता हुआ ले गया। हादसे में कार चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम और फतेहाबाद पुलिस की टीम ने क्रेन की मदद से कार को ट्रक से अलगकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसा शनिवार रात करीब 2:40 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक हरिमोहन यादव निवासी सिलापुर, भंगेल, ग्रेटर नोएडा, भोला शर्मा निवासी सुनई, थाना खिरहर, जिला मधुबनी, बिहार, उनकी पत्नी पूनम शर्मा और पुत्र जयकुमार (15), संजय (12) और साला संतोष कुमार दिल्ली से मधुबनी बिहार जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 31 पर चालक हरिमोहन को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
कार ट्रक में फंस गई। ट्रक चालक करीब 300 मीटर तक कार को घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। हादसे में कार चालक हरिमोहन, पूनम शर्मा और एक बच्चे को मामूली चोटें आईं। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर यूपीडा की टीम और फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी प्रथम राधामोहन द्विवेदी ने बताया क्रेन की मदद से कार को ट्रक से अलग कराया। घायलों का फतेहाबाद सीएचसी पर उपचार कराया।