फतेहाबाद फोटो।आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर ट्रक में घुसी कार
फतेहाबाद (आगरा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर फतेहाबाद क्षेत्र में मंगलवार दोपहर टायर फटने पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। कार सवार शादी समारोह में शामिल होकर देवरिया से गुरुग्राम लाैट रहे थे।
पुलिस ने बताया देवरिया जिले के अगस्तपाल निवासी कार चालक रवि प्रकाश विश्वकर्मा परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर परिजन के साथ गुरग्राम के सुभाष नगर लौट रहे थे। कार में उनके पिता मधुसूदन विश्वकर्मा, बहन कुसुमलता और चचेरे भाई राजाराम सवार थे। फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 33.300 पर कार का अगला टायर फट गया। कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना पर पहुंची फतेहाबाद पुलिस व यूपीडा टीम ने कार में फंसे चारों घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।