उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में बड़ा हादसा हुआ। यहां के मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव इंदुमई के समीप कार गोवंश को बचाने में आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। कार सवार तीनों लोग वृंदावन से सोनभद्र जा रहे थे।
शनिवार रात करीब 12 बजे मक्खनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव इंदुमई के समीप कार सामने आए गोवंश को बचाने के चक्कर में आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार क्षतिग्रस्त होने के साथ ही उसके अंदर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मक्खनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से कार के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला।
मौके पर ही हो गई मौत
इस बीच संतोष चौबे (40) निवासी कोटा शक्तिनगर, सोनीपत (हरियाणा) की मौके पर ही मौत हो गई। अंकित और संतोष घायल थे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाने के साथ ही मृतक के परिजनों को सूचित किया। युवक की मौत की खबर पर परिजन भी जिला अस्पताल आ गए। मृतक संतोष सोनभद्र में एनटीपीसी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर तैनात था।
घूमना आए थे वृंदवान
वह अपने साथियों के साथ वृंदावन घूमने के लिए आया था। यहां से कार द्वारा सोनभद्र जा रहा था कि रास्ते में हादसा हो गया। घायल अंकित व संतोष रिश्ते में भाई लगते हैं। थानाध्यक्ष मक्खनपुर महेश कुमार ने बताया कि कार संतोष चौबे चला रहा था। जिसकी हादसे में मौत हुई है। उसके दो साथी घायल हुए हैं। तहरीर आने पर ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।