मैनपुरी। ट्रांसपोर्ट नगर में सरकारी जगह पर रसूखदारों का कब्जा हो गया है। एआरटीओ कार्यालय वाले भवन में भूसा भरने के बाद जानवर बांधने शुरू कर दिए हैं। एक कब्जे को देखकर और लोग भी आवंटित भूखंडों के अलावा आसपास की जगह पर कब्जा करने लगे हैं। लगातार की जा रही शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
बाईपास पर 1993 में बनाए गए ट्रांसपोर्ट नगर का बुरा हाल हो गया है। संबंधित अधिकारी पूरी तरह लापरवाह दिख रहे हैं। शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने के कारण अब रसूखदारों ने कब्जा करना शुरू कर दिया है। ट्रांसपोर्ट नगर में बनाए गए एआरअीओ कार्यालय के भवन में रसूखदारों ने कब्जा कर लिया है। भवन में भूसा भरने के बाद भवन की खाली जमीन पर रसूखदारों ने जानवर बांधने शुरू कर दिए हैं।
ट्रांसपोर्ट नगर में एआरटीओ कार्यालय संचालित रहने के दौरान रहने वाली चहल पहल गायब हो चुकी है। ट्रांसपोर्टर शहर में वापस आ चुके हैं। सुरक्षा के लिए बनाई गई अस्थायी पुलिस चौकी नवीन मंडी में संचालित हो रही है। एआरटीओ कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण सरकारी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है।