कुसमरा। साप्ताहिक बंदी का नगर में मखौल उड़ रहा है। साप्ताहिक बंदी को लेकर श्रम विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा है। नगर में बाजार बंदी के दिन बाजार में दुकानों का खुलना जारी है। बेखौफ व्यापारी साप्ताहिक बंदी पर भी लगातार दुकानें खोल रहे हैं।
नगर में शुक्रवार को बाजार बंदी के दिन भी बाजार गुलजार रहे। श्रमिकों से अवकाश के बावजूद काम लिया गया। नगर में साप्ताहिक बंदी का दिन शुक्रवार नियत किया गया था। उसके बाद कुछ दिनों तक व्यापारियों ने बंदी वाले दिन अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, लेकिन विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण बंदी बाले दिन भी बाजार खुलने लगे हैं।
दुकान पर काम करने वाले श्रमिक राजू, सर्वेश, उदय, मोनू का कहना है कि सप्ताह में एक दिन मिलता था जिससे हम लोग अपना घरेलू कार्य निपटा लेते थे। अब दुकानें खुलने से वह अपना कार्य समय से नहीं निपटा पाते हैं।
दुकानदार रमेश, सुनील, दीपक, महेश, अशोक ने एसडीएम से साप्ताहिक बाजार बंदी का पालन कराने की मांग की है। एसडीएम प्रसून कश्यप का कहना है कि जानकारी नहीं है। लेकिन बाजार बंदी का पालन अनिवार्य रूप से सभी दुाकनदारों को करना होगा। जो नहीं करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।