Deceased Isub Khan, resident of Saiyan.
सैंया। ग्वालियर हाईवे स्थित धौलपुर में सड़क किनारे खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में कैंटर के टकराने से सैंया के युवक की माैत हो गई। तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। युवक की माैत की खबर से परिवार में चीख पुकार मच गई। पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
कस्बा सैंया निवासी ईसुब खां (45 वर्ष) पुत्र हिस्सो खां कैंटर चालक थे। वे अपनी गाड़ी से भाड़ा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार रात करीब 12 बजे वे अपने कैंटर में आम लादकर ग्वालियर मंडी जा रहे थे। धाैलपुर हाईवे पर आगे चल रहे एक वाहन से साइड लेने के प्रयास में उनका कैंटर सड़क किनारे खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से सीधे जा टकराया। हादसे में कैंटर चालक ईसुब खां की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार सुबह जैसे ही ईसुब की मौत की खबर उनके घर पहुंची, परिजन में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पिता का सबसे बड़ा पुत्र था। पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। ईसुब अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।