जीत के लिए प्रत्याशियों को बड़े नेताओं का सहारा
मुख्यमंत्री की 25 अप्रैल और 4 मई को और मायावती की 2 मई को होंगी सभाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। मतदान की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है। वैसे-वैसे राजनीति का पारा चढ़ता जा रहा है। प्रत्याशियों को अब जीत के लिए बड़े नेताओं का सहारा है। भाजपा नेताओं की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दो दिन का तथा बसपा नेताओं की मांग पर बसपा सुप्रीमो मायावती का एक दिन का दौरा प्रस्तावित है।
भाजपा प्रत्याशी के रूप में प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने प्रधानमंत्री का कार्यक्रम मांगा था। लेकिन प्रधानमंत्री का कार्यक्रम नहीं मिला। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दो दिन का कार्यक्रम प्रस्तावित हुआ है। मुख्यमंत्री की 25 अप्रैल तथा 4 मई को जनसभा प्रस्तावित हैं। इसके अलावा किसी बड़े नेता का कार्यक्रम नहीं मिला है।
बसपा प्रत्याशी शिवप्रसाद यादव (पूर्व विधायक) के समर्थन में बसपा सुप्रीमो मायावती पूर्व मुख्यमंत्री की जनसभा 2 मई को प्रस्तावित हुई है। बसपा जिला प्रभारी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की जनसभा मुख्यालय पर होगी। कार्यक्रम के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। लोकसभा की जिताऊ सीटों पर बसपा सुप्रीमो के कार्यक्रम तय किए गए हैं।