इसके बाद परीक्षार्थियों ने पहले तो खंदारी परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद 200 से अधिक परीक्षार्थी विश्वविद्यालय के पालीवाल पार्क परिसर पहुंचे। गेट नंबर एक से अंदर जाना चाह रहे थे, वह बंद था। गेट का ताला तोड़कर सभी अंदर घुस गए। कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। नाराज परीक्षार्थी कुलसचिव कार्यालय की तरफ पहुंचे। गेट में लगे शीशे तोड़ दिए। यहां भी सुरक्षा गार्डों के साथ धक्का-मुक्की हुई। एक-दो कर्मचारियों को चोट भी लगी।
औटा कार्यालय में कब्जा जमाया
विश्वविद्यालय में अधिकारियों के नहीं मिलने पर परीक्षार्थी विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (औटा) कार्यालय की तरफ पहुंचे। औटा के पदाधिकारी बैठक करने जा रहे थे। परीक्षार्थी कार्यालय में घुस गए। पदाधिकारियों और शिक्षकों ने परीक्षार्थियों को समझाया कि वह बाहर निकल जाएं, उनकी समस्या का समाधान अधिकारी कर सकते हैं। परीक्षार्थी नहीं माने पदाधिकारियों से विश्वविद्यालय के अधिकारियों को बुलाने के लिए कहा। कुछ पदाधिकारियों से अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। काफी देर बाद बाहर निकले।
यह भी पढ़ेंः- सेहत की बात: हृदय रोग में नींद का अहम रोल, जानें डॉक्टर कितने घंटे सोने की देते हैं सलाह; अधिक सोना भी खतरनाक
पालीवाल पार्क रोड पर जाम लगाया
पालीवाल पार्क परिसर में अधिकारियों के नहीं आने पर परीक्षार्थियों ने खंदारी परिसर का रुख किया। रास्ते में पालीवाल पुलिस चौकी के पास सड़क पर ही बैठ गए। रास्ता बंद हो गया। लंबा जाम लग गया। पुलिस ने पहले परीक्षार्थियों को सड़क से हटने के लिए कहा, नहीं मानने पर कई परीक्षार्थियों को हरीपर्वत थाने उठा ले गई। बाकी भाग गए।
ईडी के छापे की वजह से परीक्षा टाली
सूत्रों के अनुसार विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे की वजह से बीएएमएस की परीक्षा टाल दी। ईडी की टीम शुक्रवार की पूरी रात आईईटी में रही। शनिवार सुबह पांच बजे गई। आईईटी केंद्र भी बनाया गया था। परीक्षा की तैयारियां भी नहीं हो पाई थीं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश का कहना है कि अपरिहार्य कारणों से कुलपति के आदेश पर परीक्षा स्थगित कर दी गई है। समिति के निर्णय के बाद परीक्षा की अगली तारीख घोषित की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः- भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया को दो साल की सजा: विपक्षी बोले- राहुल गांधी की तरह तुरंत रद्द हो संसद सदस्यता
मुख्य, पूरक व विशेष परीक्षा थी
विश्वविद्यालय में बीएएमएस के विभिन्न बैच के विद्यार्थियों की मुख्य, पूरक और विशेष परीक्षाएं शनिवार से शुरू होनी थी। इसमें 19 कॉलेजों के 1100 से अधिक परीक्षार्थियों को शामिल होना था। इसमें आगरा व अलीगढ़ मंडल के सभी जिलों के परीक्षार्थी शामिल थे।
दस छात्रों को पकड़ा था, दो घंटे बाद छोड़ा
सड़क पर छात्रों ने जाम लगाया था। 10 छात्रों को पकड़कर थाने ले आए थे, जिन्हें चेतावनी देकर दो घंटे के बाद छोड़ दिया गया है। -अरविंद कुमार, प्रभारी निरीक्षक, हरीपर्वत