दोबारा मतगणना में अधिक वोट प्राप्त करने वाले बृजकिशोर को मिठाई खिलाते समर्थक
- फोटो : अमर उजाला
हाईकोर्ट के आदेश पर हुई पुनर्मतगणना में प्रधान पद पर दो वोट से हारने वाले प्रत्याशी को छह वोट अधिक मिले हैं। जिला प्रशासन की ओर से मतगणना की रिपोर्ट न्यायालय को भेजी जाएगी। न्यायालय के आदेश पर ही पुनर्मतगणना का परिणाम घोषित किया जाएगा।
वर्ष 2015 में प्रदेश में पंचायत चुनाव हुए थे। मैनपुरी जिले के जागीर विकास खंड की ग्राम पंचायत राजपुर कला में प्रधान पद के लिए हुए चुनाव के बाद दो मतों से अवनेश कुमार प्रजापति को विजयी घोषित किया गया था। हारे हुए प्रत्याशी बृजकिशोर ने सपा नेताओं के दबाव में अफसरों पर मतगणना में धांधली का आरोप लगाया था।
उन्होंने पुनर्मतगणना के लिए हाईकोर्ट में रिट दायर की गई थी। गुरुवार को एसडीएम पीसी आर्य, क्षेत्राधिकारी प्रयांक जैन, तहसीलदार अनिल कुमार कटियार, जागीर के खंड विकास अधिकारी प्रवीन कुमार मिश्रा, एडीओ आईएसबी संजीव दुबे, निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक कुलदीप सिंह की देखरेख में पुनर्मतगणना कराई गई।