मैनपुरी। जिले में मलेरिया की रोकथाम के लिए विभाग ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी हिलाल अहमद ने ब्लॉक प्रभारियों को गाइडलाइन भेजी है। निर्देश दिए गए हैं कि हर हाल में मलेरिया से बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। लापरवाही किसी प्रकार से बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ डॉ.आरसी गुप्ता ने कहा कि सभी सीएचसी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में मलेरिया की रोकथाम के लिए जरूरी इंतजाम करें। आशाओं को घर-घर भेजकर लोगों को मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक किया जाए। मलेरिया की जांच के लिए सीएचसी पर एक हजार स्लाइड भेज दी गई हैं। इसके साथ ही जलभराव वाले स्थानों पर छिड़काव के लिए टेमीफोस कीटनाशक भी उपलब्ध करा दिया गया है। एएनएम और ग्राम प्रधानों की मदद से गांव में मच्छरों से बचाव के इंतजाम कराने की सलाह सीएमओ ने दी है।
तीन दिन तक बुखार आ रहा है तो तैयार करें स्लाइड
सीएमओ ने सीएचसी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी मरीज को तीन दिन तक लगातार बुखार आ रहा है तो उसकी मलेरिया जांच के लिए स्लाइड अवश्य तैयार की जाए। मरीज को समय से रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। बुखार पीड़ितों पर नजर रखी जाए। परिवार में दो से अधिक मरीज बुखार की चपेट में हैं तो पूरे परिवार की जांच कराई जाए।