केरल में गर्भवती हाथी की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि एत्माद्दौला के राधा नगर में एक गोवंश के साथ क्रूरता की गई। घर के बाहर बंधी गाय का चारा खाने पर लावारिस बछड़े को दो युवकों ने डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया।
थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक उदयवीर मलिक ने बताया कि राधा नगर में राजकुमार घर के बाहर गायों को बांधता है। मंगलवार को गाय चारा खा रही थीं। तभी एक लावारिस बछड़ा (गोवंश) आ गया। वह राजकुमार की गाय का चारा खाने लगा। यह देखकर उसका बेटा राहुल और उसका दोस्त रवि पुत्र रमेश आ गया। उन्होंने बछड़े को डंडे से पीटना शुरू कर दिया।
एक के बाद एक कई डंडे मारे, जिससे बछड़ा जमीन पर गिर गया। उसकी कुछ देर बाद मौत हो गई। यह देखकर आसपास के लोग जुट गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सिपाही चरन सिंह और शैलेंद्र सिंह आ गए। उन्होंने राहुल और रवि को पकड़ लिया। सिपाही चरन सिंह की तहरीर पर धारा 429, 11(3) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और 3/8 गोवध निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। बछड़े के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।