संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक ने बड़े भाई को जिंदा जला दिया। करीब 80 प्रतिशत झुलसे युवक को जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए जबकि दो अन्य संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामलीला मैदान निवासी 45 वर्षीय रामकिशन कश्यप एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर मजदूरी का काम करता है। छोटे भाई मनोज से उसका संपत्ति के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है।
मंगलवार की सुबह रामकिशन सुबह करीब पांच बजे घर से निकल गया। बताते हैं कि बाइक पर आए दो लोग उसे साथ ले गए थे। करीब 10 बजे कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि गांव झिंझाई जाने वाले मार्ग पर नहर किनारे झाड़ियों में कोई व्यक्ति जली अवस्था में पड़ा हुआ है।
सड़क किनारे झुलसा हुआ मिला था युवक
पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहां रामकिशन गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में पड़ा हुआ था। उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने घायल से जानकारी ली।
रामकिशन ने आरोप लगाया कि छोटे भाई मनोज ने घरेलू बंटवारे को लेकर अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाया है। घटना की जांच करने के लिए एसपी अजय कुमार पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
इतनी सुबह कहां जाने की थी जल्दी
रामकिशन अकसर काम पर सुबह आठ से नौ बजे के बीच निकलता था, लेकिन मंगलवार की सुबह वह पांच बजे ही घर से निकल गया। जानकारी मिली है कि उसे किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह दो लोगों के साथ बाइक पर बैठकर गया था। पुलिस ने रामकिशन के मोबाइल को भी कब्जे में ले लिया है। सुबह आई कॉल के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
घायल के बयान के अनुसार छोटे भाई ने भूखंड के बंटवारे को लेकर जान से मारने की कोशिश की है। पुलिस नामजद आरोपी की तलाश में जुटी है। दो संदिग्ध लोगों से पूछताछ चल रही है। तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अजय कुमार पांडेय, एसपी।