मैनपुरी। नागरिकता संशोधन कानून के पारित होने के बाद बनी स्थिति को लेकर मंगलवार को डीएम और एसपी ने मुस्लिम समाज के नेताओं व धर्मगुरुओं से वार्ता की। कहा कि अमन पसंद लोग किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित बैठक के दौरान डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जनपद गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है। एसपी अजय कुमार पांडेय ने कहा कि यदि कोई अफवाह फैलाता है तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बबलू मियां, शफी मंसूरी सहित अन्य मुस्लिम नेता आदि मौजूद रहे।
बेवर थाने में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने मुस्लिम समाज के लोगों से कहा कि अमनचैन कायम रखना हम सभी का दायित्व है। शमशाद, मोनू अल्वी, हिदायत अली, हाफिज असगर रजा, हैदर अली, अरमान अली, इसरार खां, शाहिद खान, वसीम अंसारी, शमशाद सभासद, हैदर अली, जाकिर हुसैन, सरफराज खान आदि मौजूद रहे।
थाना दन्नाहार में आयोजित बैठक में प्रभारी निरीक्षक बेगराम ने प्रधानों से कहा कि वह भी इस कार्य में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी अफवाह को फैलने से रोकें। तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते नियंत्रण किया जा सके। औंछा थाना में प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने सभ्रांत लोगों के साथ बैठक की। कहा कि बिना अनुमति जुलूस, विरोध प्रदर्शन आदि का आयोजन नहीं किया जाएगा। अशांति फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
घिरोर थाने में आयोजित बैठक में एसडीएम अनिल कटियार ने कहा कि धारा 144 लागू है। धरना प्रदर्शन, रैली, जुलूस आदि का आयोजन नहीं किया जाएगा। सभी लोग क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखें। यदि कोई सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।