आगरा में फर्जी दस्तावेजों से जमीनों की खरीद-फरोख्त, तहसील से दस्तावेज गायब करने और लगाने के मामले में दर्ज मुकदमों की विवेचना स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) करेगी। बुधवार को एक अध्यक्ष और 6 सदस्यीय एसआईटी गठित कर दी गई। सदर के तीन और शाहगंज के एक मुकदमे की विवेचना थानों से एसआईटी को स्थानांतरित कर दी गई है।
डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि टीम आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाने से लेकर आरोपियों की धरपकड़ और आरोपपत्र लगाएगी। सदर थाने में फर्जी तरीके से जमीन खरीदने और बेचने के मामले में सामने आने के बाद तीन मुकदमे दर्ज किए गए थे। निबंधन विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि की खरीद फरोख्त का खेल चल रहा था। इस पर मंगलवार को थाना शाहगंज में 11 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें सदर तहसील में स्थित रिकाॅर्ड रूम के सेवानिवृत्त स्टोर कीपर देवदत्त शर्मा भी नामजद हैं।
डीसीपी सिटी ने बताया कि जमीनों की खरीद फरोख्त का खेल बड़े गिरोह कर रहे हैं। इस पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है। आईपीएस एसीपी सदर विनायक भोंसले की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की।
इसमें शाहगंज के इंस्पेक्टर क्राइम मुमताज खान, सदर के उप निरीक्षक साैरभ तिवारी, योगेश कुमार, फारुख खान, नगर जोन के सर्विलांस प्रभारी अंकुर मलि और एसओजी प्रभारी सुनीत शर्मा शामिल हैं। एसआईटी सभी मुकदमों में साक्ष्य संकलन करेगी। आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करेगी। एसआईटी के अध्यक्ष प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट डीसीपी सिटी को देंगे।
इनकी जानकारी जुटाएगी
- फर्जी बैनामा किन-किन लोगों ने बनाया? क्यों बनाया गया?
- जिल्द में कागज फाड़ने से लेकर लगाने में काैन-काैन शामिल रहा?
- नकल किसने बनाई? सत्यापित करने का क्या तरीका रहा?
- किन-किन लोगों को कितनी रकम का फायदा हुआ?
- पूरे खेल में कितने कर्मचारी शामिल रहे या नहीं?
- जिल्द से पन्ने फटे तो कैसे हुआ? सब कुछ हुआ।
हेल्पलाइन नंबर 9557245873 पर करें शिकायत
डीसीपी सिटी ने बताया कि भूमाफिया अलग-अलग इलाकों में सक्रिय हैं। इन पर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। गिरोह के बारे में आम लोगों को जागरूक करना आवश्यक है। इसलिए कमिश्नरेट में एक हेल्पलाइन नंबर 9557245873 जारी किया गया है। कोई भी व्यक्ति अगर, जमीनों की खरीद फरोख्त के मामले में फर्जीवाड़े का शिकार होता है तो इस नंबर पर शिकायत की जा सकती है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।