आगरा। शाहगंज में किराए के कमरे में रहने वाली युवती ने कमलानगर के कारोबारी पर शादी का झांसा देकर डेढ़ वर्ष तक शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने दूसरी युवती से सगाई कर ली और उसकी मंगेतर ने पीड़िता के घर पर आकर हंगामा किया और जातिसूचक शब्द कहे। शाहगंज पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर पीड़िता ने डीसीपी सिटी से शिकायत की है। डीसीपी ने एसीपी लोहामंडी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पीड़िता ने बताया कि वह तलाकशुदा है। हरिपर्वत क्षेत्र के एक अस्पताल में नौकरी कर तीन बच्चों का पालन कर रही है। उसकी मुलाकात कमलानगर के एक तलाकशुदा कारोबारी से हुई। वह यमुना किनारा पर एक ट्रेडर्स ऑफिस चलाता है। दोस्ती के बाद उसने शादी के लिए कहा तो उसने खुद के दलित और उसके वैश्य होने का हवाला देकर मना किया। उसके आश्वासन पर वह शादी के लिए तैयार हो गई। आरोपी ने डेढ़ साल तक शोषण किया। इस दौरान गर्भवती होने पर कुबेरपुर के अस्पताल में गर्भपात कराया। बुधवार को अचानक एक महिला उनके घर आई। खुद को कारोबारी की मंगेतर बता अभद्रता की। जातिसूचक शब्द बोलकर कारोबारी को भूल जाने को कहा और पूरे मोहल्ले में बदनाम कर दिया।शिकायत करने डिवीजन चौकी गई तो वहां कारोबारी से कुछ रुपये लेकर चुप होने को कहा गया। शिकायत पर डीसीपी सिटी अली अब्बास ने एसीपी लोहामंडी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।