सहायक आचार्य चयन परीक्षा देकर घर लौटने के लिए अभ्यर्थियों को बसों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। बृहस्पतिवार शाम परीक्षा छूटने के बाद सैटेलाइट बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। अलीगढ़, मेरठ और हापुड़ जाने वाले अभ्यर्थियों को बसों में सीट पाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। बसें कम पड़ने से अभ्यर्थियों और उनके साथ आए अभिभावकों को परेशानी उठानी पड़ी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से 19 और 20 नवंबर को आगरा के छह परीक्षा केंद्रों पर सहायक आचार्य चयन परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो पालियों में हो रही है। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक निर्धारित है। इसमें शामिल होने के लिए आसपास के जिलों के अलावा प्रदेश के दूसरे हिस्सों से भी अभ्यर्थी आगरा पहुंचे हैं।
परीक्षा को देखते हुए प्रशासन ने परिवहन निगम को अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद बृहस्पतिवार शाम यात्रियों की संख्या के मुकाबले बसें कम पड़ गईं। फाउंड्री नगर डिपो के एआरएम पवन श्रीवास्तव से बसों की कमी की शिकायत की गईं, लेकिन उनकी ओर से कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। वहीं, सैटेलाइट बस अड्डे के प्रभारी रमेश तिवारी ने बताया कि शाम को मेरठ और हापुड़ की ओर जाने वाली बसें कम पड़ गई थीं। यात्रियों की भीड़ देखते हुए डिपो से अतिरिक्त बसें मंगाई गई थीं। शुक्रवार को भी परीक्षा होने के कारण शाम को बसों की मांग बढ़ने की आशंका है।