अमर उजाला ब्यूरो
आगरा। फतेहाबाद मार्ग पर बाइक सवारों से विवाद के बाद चालक ने बस को दौड़ा दिया। रास्ते में कार और स्कूटी में टक्कर लग गई। इसके बावजूद बस नहीं रोकी। लोगों ने पीछा किया। पुलिस को सूचना दी। पृथ्वीनाथ फाटक पर बैरियर लगाकर पुलिस ने बस को रोक लिया। हालांकि इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई।
प्राइवेट बस चालक रविवार रात सवारियां बैठाकर औरैया से भरतपुर जा रहा था। फतेहाबाद मार्ग पर अमर होटल तिराहे पर एक बाइक सड़क खड़ी होने की वजह से बस नहीं निकल पा रही थी। चालक ने बस रोक कर बाइक हटाने के लिए बोल दिया। इस पर बाइक के पास खड़े युवक विवाद करने लगे। तभी किसी ने बस पर पत्थर फेंक दिया। इससे चालक घबरा गया। उसने बस को दौड़ाना शुरू कर दिया। एक कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। कार सवार ने बस का पीछा किया तो बस चालक ने गति बढ़ा दी। इससे सवारियां भी दहशत में आ गईं। वह बस को लेकर एमजी रोड से पंचकुइयां होते हुए कोठी मीना बाजार मार्ग पर आ गया। इसके बाद फतेहपुर सीकरी मार्ग पर ले गया।
रास्ते में दो और वाहनों में बस की टक्कर लग गई। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पृथ्वीनाथ फाटक पर बस को बैरियर डालकर रोक लिया गया। क्षतिग्रस्त वाहन के मालिक भी पीछा करते वहां पहुंच गए। उन्होंने चालक को पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने सवारियों को दूसरे वाहन से भिजवाया।
थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि कार और स्कूटी में बस की टक्कर लगी थी। किसी ने तहरीर नहीं दी। आपस में समझौता कर लिया। वहीं चालक का कहना था कि वह बाइक सवारों के आक्रोशित होने पर घबरा गया था। इसलिए बस तेजी से चला रहा था।