मैनपुरी। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने शनिवार को राष्ट्रीय आह्वान पर संपूर्ण क्रांति दिवस मनाया। तहसील मुख्यालयों में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों की प्रतियां फूंकी गईं। प्रदर्शन कर सरकार से तीनों कृषि कानून वापस लेने, एमएसपी पर कानून बनाने की मांग कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए।
मैनपुरी तहसील में जिलाध्यक्ष तिलक सिंह राजपूत, योगेंद्र प्रसाद दुबे के नेतृत्व में किसानों ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष तिलक सिंह राजपूत ने कहा बढ़ते बिजली बिलों, डीजल पेट्रोल गैस की बढ़ती कीमतों को कम किया जाए।
किसानों का संपूर्ण कर्जा माफ किया जाए। एमएसपी को कानूनी दर्जा दिया जाए। किसानों पर किए गए मुकदमे वापस लिए जाएं और केंद्र सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस ले। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित सात सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। बृजपाल यादव, महेश सिंह, फूलसिंह, गणेश राजपूत, उमेश सिंह, मानिकचंद्र, मुकेश कुमार, भुवनेश राजपूत मौजूद रहे।
करहल में किसान यूनियन के सदस्यों ने तहसील मुख्यालय पर कृषि कानूनों की प्रतियां जलाकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 60 साल से अधिक आयु वाले किसानों को पांच हजार रुपये मासिक पेंशन देने, किसानों का केसीसी ऋण माफ करने, गन्ना मूल्य का भुगतान 14 दिन के अंदर कराने, किसानों को बिजली मुफ्त देने की मांग की गई है। तहसील अध्यक्ष उदयवीर सिंह यादव, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनुज प्रताप यादव, गणेश राजपूत, भुवनेश राजपूत मौजूद रहे।
60 साल से अधिक आयु पर मिले पेंशन
भोगांव। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष उदयवीर सिंह यादव के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुधीर कुमार को सौंपा। ज्ञापन में किसानों को एमएसपी की गारंटी देने, बकाया बिजली बिलों को माफ करने, 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके किसानों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की मांग की गई है। अनुज प्रताप, भुवनेश राजपूत, गणेश राजपूत, मानिक चंद्र, धीरज सिंह, उमेश राजपूत मौजूद रहे।