एटा के थाना सकीट क्षेत्र में सराफा व्यापारी के पुत्र ने झूठी कहानी रचकर 71 हजार रुपये लूटने की तहरीर देकर शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कहानी का पर्दाफाश कर सराफा व्यापारी के पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस खुलासे में सामने आया कि शेयर बाजार में रकम डूबने के चलते लूट होने का षडयंत्र रचा गया था।
ये है मामला
एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने पुलिस लाइन में शनिवार को बताया कि जिला मैनपुरी थाना व कस्बा औंछा निवासी सराफ अभय सिंह अपने पिता नेम सिंह के साथ जेवरात गिरवी रखने का काम करता है। उसने अपने साथ लूट होने का मुकदमा शुक्रवार को दर्ज कराया था। जांच में लूट होने जैसी कोई बात सामने नहीं आई। तब सराफा से कड़ाई से पूछताछ की गई तो वह टूट गया। पूछताछ में बताया कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित वैभव लक्ष्मी ज्वेलर्स के पास कुछ आभूषण गिरवी रख कर 71,000 रुपये लेकर अपनी मोटरसाइकिल से वापस कस्बा औंछा जा रहा था, तभी अंगदपुर गेट के पास काले रंग की चार पहिया गाड़ी सवार चार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रुमाल सूंघाकर 71 हजार रूपये छीनने की झूठी कहानी बनाई गई थी।
ये भी पढ़ें - Firozabad: प्राथमिक विद्यालय का मिड डे मील खाने से बिगड़ी 45 बच्चों की तबीयत, मची अफरा-तफरी
शेयर मार्केट में पैसे लगाने का है आदी
एएसपी ने बताया कि सराफ से 69 हजार 500 रुपये बरामद भी किए गए हैं। अभय के पिता की कस्बा औंछा में सुनार की दुकान है। पिता ने आभूषण गिरवी रख रुपए लाने के लिए भेजा था। शेयर मार्केट में रुपये लगाने का आदी है और पूर्व में भी शेयर मार्केट में रुपये लगा कर गवां बैठा था । 69,650 रुपए अपने दोस्त श्याम मोहन उर्फ सोनू निगम निवासी कौंची थाना सकीट को रखने के लिए दिए थे। बताया कि मामले का खुलासा प्रभारी निरीक्षक संजीव चौधरी व निरीक्षक अपराध रूपेश कुमार वर्मा द्वारा किया गया है।