खंदौली। कर्ज में डूबे सराफा कारोबारी ने आगरा पुलिस को 40 लाख की लूट की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। टेढ़ी बगिया से सादाबाद के बीच करीब सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल डाली। दोपहर 2 बजे से रात करीब 8बजे तक चली जांच में पीछा करते लुटेरे या लूट से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिला। फिर कारोबारी से सख्ती से पूछताछ की तो लूट की पूरी कहानी ही धड़ाम हो गई। पता चला कि कारोबारी ने 60 लाख के कर्ज से बचने के लिए झूठी सूचना दी थी। अब पुलिस कारोबारी पर विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
थाना सादाबाद क्षेत्र के गांव कुरसंडा निवासी सराफा कारोबारी रामवीर सिंह ने मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को लूट की सूचना दी। बताया कि उसकी बंशीधर स्वर्णकार के नाम से गांव कुरसंडा में सराफा की दुकान है। मंगलवार को वह गांव से बाइक पर सवार होकर दो बैग में 40 लाख रुपये लेकर आगरा के नमक की मंडी सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषण खरीदने के लिए जा रहे थे। खंदौली क्षेत्र के बगल घूंसा पहुंचे थे कि पीछे से दो बाइक पर चार बदमाश आए और बाइक पर पीछे से लात मारकर उन्हें गिरा दिया। तमंचा और पिस्टल कनपटी पर रखकर मारपीट की और रुपयों से भरे दोनों बैग छीन कर हथियार लहराते हुए आगरा की तरफ भाग निकले। दावा किया कि उन्होंने बदमाशों का टेढ़ी बगिया तक पीछा किया। दिनदहाड़े लूट की सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई। डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार भी लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थानीय पुलिस व एसओजी टीम के साथ फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने टेढ़ी बगिया से सादाबाद तक के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे देखे। जिस जगह घटना होने की बात कही गई वहां सीसीटीवी में कारोबारी तो दिखा पर बाइक सवार बदमाश नहीं दिखे। लात मारकर गिराए जाने के बावजूद कारोबारी या उसकी बाइक में कोई भी खरोच अथवा निशान नहीं मिला। रकम पास होने का भी कोई ठाेस साक्ष्य नहीं दे पाए। सख्ती से पूछताछ करने पर बयान बदलने लगा। अंत में झूठी सूचना देने की बात कबूल ली। डीसीपी ने कहा कि कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कर्जदारों से था परेशान
पूछताछ में उसने बताया कि उसके ऊपर 60 लाख रुपये का कर्ज है। कर्जदार उससे तकादा कर रहे थे। उसने लूट की फर्जी कहानी गढ़ने का प्लान बनाया ताकि कर्जदारों से राहत मिल सके। इसके लिए उसने परिजन को सूचना देकर उनसे शिकायत कराई।
21 लाख का होम लोन
कारोबारी ने बताया की उन्होंने 21 लाख रुपये का होम लोन कराया था। मंगलवार को कुछ रुपये उन्होंने गांव में स्थित यूनियन बैंक से निकाले थे। 40 लाख की लूट दिखाने के बाद इन रुपयों से बाकी कर्ज चुकाने की मंशा से उसने लूट की कहानी गढ़ी थी।