दबंगों ने तीन सेल्समेनों को पीटा
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में हाथरस रोड स्थित भाटिया पेट्रोल पंप पर सोमवार रात को इलेक्ट्रिक ऑटो से तीन युवक बोतल में पेट्रोल भरवाने आए। देने से मना करने पर दबंगों ने पंप के सेल्समेनों से हाथापाई कर दी। विरोध करने पर उन्होंने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में ऑटो में भरकर पहुंचे हमलावरों ने पेट्रोल पंप पर पथराव कर दिया। कर्मचारियों को आग बुझाने वाले उपकरणों से बेहरमी से पीटा। पेट्रोल भरवाने पहुंचे ग्राहकों को भी नहीं बख्शा।
अचानक हुए हमले से पंप पर भगदड़ मच गई। कई लोग अपने वाहन मौके पर छोड़कर भाग गए। हमले में तीन कर्मचारी घायल हुए हैं। पेट्रोल पंप मैनेजर मुकेश का आरोप है कि सोमवार रात करीब 10 बजे इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार तीन युवक पंप पर आए। उन्होंने बोतल में पेट्रोल मांगा। सेल्समैन छोटू ने बोतल में पेट्रोल देने से मना कर दिया। इस पर वह गाली-गलौच करने लगे। कर्मचारियों ने उन्हें मैनेजर से बात करने के लिए कहा। इसके बाद तीनों मैनेजर के केबिन में पहुंच गए और वहां हाथापाई लगे।
आरोप है कि कुछ देर बाद फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। देखते ही देखते 10-12 युवक ऑटो में भरकर पेट्रोल पंप पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए आग बुझाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों से भी हमला किया गया। हमलावरों ने पेट्रोल भरवा रहे ग्राहकों से भी मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए पथराव और हमले से पेट्रोल पंप पर अफरातफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ ग्राहक अपने वाहन तक मौके पर ही छोड़कर चले गए।
मारपीट में पंप कर्मचारी संदीप, सनी और अभिषेक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस बीचबचाव करने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं माने। मौके पर थाना ट्रांस यमुना का भी फोर्स पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि पंप के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों को चिन्हित किया जा रहा है।जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।