एटा रोड स्थित फायर स्टेशन पर शनिवार को दरोगा इंद्रजीत सिंह की पिस्टल से उसे साफ करते समय चली गोली लग जाने केकारण सिपाही (चालक) शिव कुमार मिश्रा की मौत हो गई। इंद्रजीत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दरोगा को निलंबित कर हिरासत में ले लिया गया है।
फर्रुखाबाद के थाना मेरापुर के गांव अछरोज निवासी शिव कुमार मिश्रा (52) पुत्र लक्ष्मीनरायन मिश्रा शिकोहाबाद थाने में थार मोबाइल पर चालक के पद पर तैनात थे। शनिवार सुबह थार टीम प्रभारी उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह और चालक शिव कुमार मिश्रा, दो पुलिस के जवान व एक महिला सिपाही के साथ फायर ब्रिगेड परिसर में तख्त पर बैठे थे। इसी दौरान दारोगा इंद्रजीत सिंह ने सरकारी पिस्टल की सफाई शुरू कर दी। इसी दौरान चली गोली सामने बैठे चालक शिव कुमार मिश्रा के मुंह में लगकर सिर की ओर से निकल गई।
गोली लगते ही शिवकुमार लहूलुहान होकर गिर गए। उन्हें इलाज के लिए तुरंत फिरोजाबाद ले जाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। घटना के बाद एसएसपी सचिंद्र पटेल इंद्रजीत सिंह को निलंबित कर दिया। शिव कुमार के बेटे शिवम कुमार मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने दुर्घटना में मौत की धारा 304 ए के तहत केस दर्ज किया है। इस घटना को लापरवाहीपूर्वक पिस्टल चल जाने से हुई मौत माना गया है।