आगरा विकास प्राधिकरण बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कराया अवैध निर्माण स्रोत प्राधिकरण
आगरा। भगवान टॉकीज चौराहा और न्यू आगरा रोड पर शुक्रवार को नगर निगम के प्रवर्तन दल की टीम ने अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया। व्यापारियों ने इसका विरोध भी किया लेकिन अभियान जारी रहा। वहीं टीम को देखकर ठेल वाले इधर-उधर भागते नजर आए। दुकानों के सामने तिरपाल और ठेला लगाने से जाम लग रहा था।
अभियान के दौरान निगम ने सड़क पर दुकान सजाने, रास्ता घेरने और गंदगी फैलाने वाले कई दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया। अचानक हुई कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दुकानों के सामने से अपना सामान हटाते नजर आए। कार्रवाई के बाद कुछ ही देर में मार्ग पर जाम कम हो गया और वाहनों की आवाजाही सुचारु दिखी।
स्थानीय लोगों ने कहा कि रोजाना लगने वाले जाम से परेशानी का सामना करना पड़ता था। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि यातायात बाधित करने वाले किसी भी तरह के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलते ही प्रवर्तन टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।
अनधिकृत काॅलोनी को किया ध्वस्त
आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को एक अनधिकृत काॅलोनी को ध्वस्त कर दिया। छत्ता द्वितीय वार्ड के अंतर्गत इतेंद्र कुमार एवं श्यामवीर सिंह ने 4000 वर्ग मीटर में जलेसर रोड स्थित नरायच के निकट महावीर काॅलोनी विकसित कर ली थी। एडीए की टीम ने जांच के बाद अनधिकृत काॅलोनी को ध्वस्त कर दिया। ये कार्रवाई प्रभारी प्रवर्तन के निर्देशन में सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता के नेतृत्व में की गई।