कासगंज सदर तहसील क्षेत्र के गांव टिंबरपुर में सरकारी संपत्ति से अवैध कब्जा हटवाने के लिए प्रशासन और पुलिस टीम ने रविवार को बुलडोजर चलाकर निर्माण का ध्वस्तीकरण कराया। यहां सरकारी जमीन पर दो मंजिला मकान, दो दुकान एवं बाउंड्रीवाल बनी हुई थी। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई। इस कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
मोहम्मद उरुज निवासी टिंबरपुर ने ग्राम समाज की सरकारी जमीन पर वर्ष 2019 से अवैध रूप से कब्जा करके दो मंजिला मकान, दो दुकानें एवं बाउंड्रीवाल बना रखीं थीं। एसडीएम न्यायालय से उरुज को नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। रविवार दोपहर को एसडीएम पंकज कुमार सिंह, सीओ दीप कुमार पंत, तहसीलदार अजय कुमार यादव पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन, बुलडोजर पुलिस टीम के साथ था।
अवैध कब्जा करने वालों को चिन्हित कर रहा प्रशासन
प्रशासन ने चेतावनी देकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कराई। इस कार्रवाई से अवैध कब्जा धारकों में खलबली मची हुई है। एक दिन पूर्व सहावर तहसील क्षेत्र में भी ग्राम समाज की जमीन से कब्जा हटवाने की कार्रवाई की गई। एसडीएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन तहसीलक्षेत्र में ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे के मामलों को चिह्नित कर रहा है।