आगरा नगर निगम प्रशासन ने डिफेंस स्टेट फेज-2, मधु नगर रोड पर अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाने की तैयारी कर ली है। स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद बृहस्पतिवार को प्रवर्तन टीम ने इलाके में सर्वे कर नालों और घरों के आगे बने चबूतरों पर लाल निशान लगाए। निगम की ओर से कब्जाधारकों को स्वयं अवैध निर्माण हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।
टीम के साथ मौके पर पहुंचे अवर अभियंता कृष्ण गोपाल ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के भीतर निर्माण नहीं हटाया गया तो निगम प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि नालों और सड़कों के ऊपर किए गए अवैध निर्माणों के कारण जलभराव और जाम की समस्या बढ़ रही है, इसलिए सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रवर्तन दल ने इलाके में पैदल गश्त कर पैमाइश की और अतिक्रमण की तस्वीरें भी लीं।