आगरा में थाना सिकंदरा के 16 साल पुराने हत्या के मुकदमे के आरोपी बिल्डर ने पुलिस की घेराबंदी के बाद गुरुवार को कोर्ट में समर्पण कर दिया। सिकंदरा-बोदला रोड स्थित एक भूखंड पर कब्जा करने को लेकर 11 जून 2002 को हुई फायरिंग में जगदीशपुरा के खतैना निवासी छोटे खां की मौत हो गई थी।
इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ पुलिस ने अपनी ओर से हत्या, जानलेवा हमला और लोक व्यवस्था भंग करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। इसमेें कई बिल्डर शामिल थे। आरोपियों में खतैना निवासी विजय बहादुर सिंह का नाम था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से छूटने के बाद कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर वारंट जारी हो गए थे।
कोर्ट की ओर से बार-बार रिमाइंडर थाना पुलिस को भेजे गए। मगर, वह हाजिर नहीं हुआ। कोर्ट में उसे 30 अगस्त को हाजिर करने के निर्देश दिए थे। गुरुवार सुबह सिकंदरा और लोहामंडी पुलिस ने खतैना क्षेत्र में घेराबंदी कर ली।
मगर, सूचना लीक हो गई, जिस वजह से वह नहीं आया। बाद में पुलिस को पता चला कि विजय बहादुर ने कोर्ट में समर्पण कर दिया। इंस्पेक्टर थाना सिकंदरा अजय कौशल ने बताया कि विजय बहादुर ने कोर्ट में समर्पण किया है, उसे जेल भेजा गया है।