ताजमहल के 500 मीटर दायरे में बने ताज नेचर वॉक में दिव्यांग भी भ्रमण कर सकेंगे। नेचर वॉक के ट्रैक से सीढ़ियों को खत्म कर दिया गया है और उसकी जगह रैंप बना दिए हैं। चलने-फिरने में असहाय पर्यटक व्हील चेयर में आसानी से यहां भ्रमण कर सकेंगे। बुजुर्गों को नेचर वॉक में सीढ़ियां चढ़ने में परेशानी हो रही थी। वन विभाग ने पर्यटकों के फीडबैक के बाद यह पहल की है।
ताजमहल के पूर्वी गेट के पास 70 हेक्टेयर में फैले ताज नेचर वॉक में वन विभाग ने ओपन जिम लगाया है। यहां हर माह 5 हजार तक पर्यटक आते हैं। नेचर वॉक में 9 किमी लंबा नेचर ट्रैक है जो यहां के प्रमुख 5 टीलों और झील को जोड़ता है। ओपन जिम बनने के बाद से लोगों का रुझान नेचर वॉक में बढ़ा तो ट्रैक पर सीढ़ियों से संबंधित समस्याएं सामने आईं।
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक के. प्रवीन राव ने नेचर वॉक के लाल पत्थर से बने ट्रैक से सीढ़ियों को खत्म कराया और वहां रैंप बनवा दिए। इससे बुजुर्ग और दिव्यांगों को नेचर वॉक में भ्रमण करने में आसानी हो गई। यहां 40 से ज्यादा प्रजातियों के पक्षी भी नजर आते हैं।