कासगंज-कानपुर रेलमार्ग पर हुआ विद्युतीकरण का कार्य
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। केंद्रीय वित्तमंत्री ने आम बजट में कासगंज-मथुरा-कानपुर के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेनें दौड़ाने की घोषणा की है। आगामी दो माह में वाया कासगंज मथुरा, कानपुर के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेनें दौड़ने लगेंगी। वहीं कासगंज-बरेली के बीच अगले माह डेमू ट्रेन चलाने की भी घोषणा की है। इस घोषणा से लोग खुश हैं।
मथुरा से कानपुर के बीच वर्ष 2016 के रेल बजट में रेललाइन विद्युतीकरण का तोहफा मिला था, लेकिन काम पूरा होने के बावजूद इस ट्रैक पर इलेक्ट्रिक ट्रेनें नहीं दौड़ सकी थीं। अब शनिवार को आम बजट में इस ट्रैक पर इलेक्ट्रिक ट्रेनें चलाने का एलान किया गया है। 30 मार्च से इस ट्रैक पर इलेक्ट्रिक ट्रेनें चलना प्रस्तावित है। अब वाया कासगंज मथुरा-कानपुर तक ट्रेनों से सफर सुहाना होगा और ट्रेनों की रफ्तार भी बढ़ सकेगी। कासगंज से बरेली के बीच अगले माह डेमू ट्रेन चलाना भी बजट में प्रस्तावित कर दिया गया है।
अन्य सुविधाओं की भी उम्मीद
आम बजट में रेलवे तमाम स्टेशनों के सहारे सौर ऊर्जा प्लांट लगाना प्रस्तावित किया है। सोलर पॉवर ग्रिड बनाना भी प्रस्तावित है। इससे यह तय माना जा रहा है कि कासगंज से मथुरा, कानपुर, बरेली के बीच स्टेशनों पर कहीं न कहीं सौर ऊर्जा प्लांट अवश्य लगेंगे। वहीं कई स्टेशनों पर वाई फाई सुविधा भी मुहैया होने की उम्मीद है।