खेरागढ़ पर बदलाव की चर्चा
एत्मादपुर और आगरा उत्तर सीट पर बसपा द्वारा चार दिन के अंदर बदलाव करने से बसपा कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति है। संगठन से जुड़े लोग भी पार्टी की नीति नहीं समझ पा रहे कि जो प्रत्याशी घोषित हुए हैं, उनके जनसंपर्क के कार्यक्रम लगाएं या नहीं। खेरागढ़ पर गंगाधर कुशवाहा को भी बी फॉर्म नहीं दिया गया, इससे खेरागढ़ पर भी बदलाव की चर्चा है। भाजपा छोड़कर आए क्षत्रिय समाज के नेता का नाम यहां आगे आ रहा है।
अग्रवाल समाज में आक्रोश
प्रत्याशियों की घोषणा के बाद से ही आक्रोशित अग्रवाल समाज ने पहले भाजपा द्वारा टिकट न दिए जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की। उसके बाद से ही बसपा के आगरा उत्तर से प्रत्याशी बनाए गए मुरारी लाल गोयल नाराज अग्रवाल समाज के लोगों से संपर्क में जुट गए, लेकिन 100 घंटे के अंदर बसपा ने उनका टिकट काटा तो अग्रवाल समाज में आक्रोश फैल गया। इससे पहले खेरागढ़ में भाजपा ने अपने मौजूदा विधायक महेश गोयल का टिकट काट दिया था, जिसे लेकर वैश्य समाज के लोगों ने भाजपा नेतृत्व से नाराजगी जाहिर की थी।