बीएसएफ एसआई ब्रजेश अग्रिहोत्री।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के बाड़मेर में तैनात बीएसएफ का जवान मैनपुरी आते समय कहीं लापता हो गया। पांच दिन पूर्व वह छुट्टी लेकर घर के लिए चले थे। काफी तलाश के बाद भी जब पता नहीं चला, तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है।
थाना क्षेत्र के गांव बघोनी निवासी ब्रजेश अग्निहोत्री बीएसएफ में एसआई के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती बाड़मेर में है। 17 सितंबर की शाम वह 15 दिन की छुट्टी मंजूर कराने के बाद शाम पांच बजे बाड़मेर से घर के लिए निकले थे। वह पांच दिन बीतने के बाद भी अभी तक घर नहीं पहुंचे हैं।
उनसे फोन पर संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। परेशान परिजनों ने हरसंभव जगह तलाश की, लेकिन जानकारी नहीं हो सकी। लापता हुए ब्रजेश के पुत्र विजय के मुताबिक 16 सितंबर की शाम पिता से बात हुई, तब कहा था कि वह 17 को छुट्टी लेकर आ रहे हैं। फोन मिलने पर जब तैनाती स्थल पर फोन कर जानकारी ली तो बताया कि वह तो 17 सितंबर को छुट्टी लेकर जा चुके हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।