मोटर साइकिलों पर साहसिक प्रदर्शन जो आपने कभी दिल्ली में राजपथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस परेड अथवा टीवी पर इसके प्रसारण में देखा होगा, वही 16 व 17 अक्तूबर को यहां जीत सिंह स्टेडियम में देख सकेंगे। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के इस विशेष प्रदर्शन से एकबारगी लगेगा जैसे राजपथ यहीं उतर आया हो। इतना ही नहीं ग्वालियर में टेकनपुर स्थित बीएसएफ के राष्ट्रीय श्वान प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षित श्वानों के भी करतब देख आप दांतों तले उंगली दबा लेंगे। प्रदर्शन दोनों दिन सुबह 9 एवं शाम 4 बजे होंगे। बीएसएफ ने शहरवासियों खासकर युवाओं को प्रदर्शन देखने के लिए आमंत्रित भी किया है।
यह विशेष शो बीएसएफ के गठन की स्वर्ण जयंती वर्ष कार्यक्रमों का हिस्सा होगा। देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए इस विशेष बल की स्थापना वर्ष 1965 में हुई थी। तब से आज तक जिस बहादुरी के साथ बल के जवानों ने देशसेवा में अपनी भूमिका निभाई है उससे उनके खाते तमाम उपलब्धियां दर्ज हैं। इसके मोटसाइकिल सवारों का दल ‘डेयर डेविल’ अपने हैरतअंगेज साहसिक प्रदर्शन के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। पिछले गणतंत्र परेड में केंद्रीय मोटर गाड़ी प्रशिक्षण स्कूल, टेकनपुर की शान इस दल के प्रदर्शन की अमेरिकी राष्ट्रपति बराका ओबामा और उनकी पत्नी ने भी भूरि-भूरि प्रशंसा की थी। इसी तरह टेकनपुर के श्वान प्रशिक्षण केंद्र देश में अपने तरह का विशेष केंद्र है। यहां प्रशिक्षित श्वानों के करतब भी कम रोचक नहीं। इन्हें बल की गतिविधियों में सहयोग करने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है।