मैनपुरी। परिषदीय विद्यालयों में प्रेरणा पोर्टल पर नामांकन की बेहद धीमी प्रगति पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) दीपिका गुप्ता ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने मंगलवार को दो अलग-अलग नोटिस जारी कर जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और 45 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को अंतिम चेतावनी दी है। बीएसए ने इस लापरवाही को प्रदेश स्तर पर जिले की छवि खराब होने का कारण बताया है।
खंड शिक्षा अधिकारियों को संबोधित नोटिस में बीएसए ने कहा है कि अप्रैल 2025 से ही नामांकन की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन इसके बावजूद प्रगति निराशाजनक है। उन्होंने बताया कि करहल, बेवर, जागीर, किशनी और मैनपुरी जैसे ब्लॉकों में नामांकन की स्थिति अत्यंत खराब है।
45 स्कूलों में कक्षा 1 और कक्षा 6 में एक भी दाखिला नहीं
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्ययोजना बनाने और नामांकन बढ़ाने का निर्देश दिया है, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बीएसए ने 45 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को जिम्मेदार ठहराया गया है, जहां कक्षा 1 और 6 में शून्य नामांकन दर्ज हुआ है। बीएसए ने कहा कि यह शिक्षकों की पदीय दायित्वों के प्रति घोर शिथिलता और लापरवाही को दर्शाता है। नोटिस में उन सभी 45 स्कूलों की सूची भी दी गई है, जहां एक भी नया दाखिला नहीं हुआ है। प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत नामांकन की संख्या बढ़ाएं और उसे प्रेरणा पोर्टल पर दर्ज करें। चेतावनी दी गई है कि अगर समय रहते यह काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
किस विकास खंड में कितने स्कूलों में रही नवीन नामांकन संख्या शून्य
करहल-13
जागीर- 8
किशनी-13
मैनपुरी- 5
घिरोर-2
कुरावली-2
सुल्तानगंज- 1
मैनपुरी नगर-1