सोरों। बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक विद्यालयों में नवनियुक्त शिक्षकों को अब तक वेतन नहीं मिला है। पिछले वर्ष अक्तूबर में नियुक्ति पाए शिक्षक आज भी वेतन का इंतजार कर रहे हैं। शिक्षकों ने बीएसए से शीघ्र वेतन दिलाए जाने की मांग की है।
शिक्षकों का कहना है कि उन्होंने कोविड महामारी में शिक्षण कार्य से लेकर चुनाव प्रक्रिया में योगदान दिया है, लेकिन अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। शिक्षकों ने बेसिक शिक्षाधिकारी से जल्द वेतन निर्गत कराने की मांग की है। शिक्षकों का कहना है कि शासनादेश के अनुसार नवनियुक्त शिक्षक के प्रमाणपत्रों के सत्यापन के उपरांत वेतन देने का प्रावधान है, लेकिन जनपद में नवनियुक्त शिक्षकों का वेतन अभी तक निर्गत नहीं किया गया है।
शिक्षकों ने मांग की है जल्द से जल्द ऑनलाइन सत्यापन कराया जाए और जनपद में नवनियुक्त शिक्षकों को वेतन दिया जाए। मांग करने वालों में शिक्षकों में सोनू निगम, प्रशांत कुमार, सुनील कुमार, राघवेंद्र सारस्वत, मिराजुद्दीन, पुनीत यादव, दीपक शर्मा, सरिता, शालू गोयल, रजनी कुशवाह आदि शामिल हैं।