आगरा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पिछले एक महीने से सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय में नहीं बैठे हैं। उपस्थिति पंजिका भी परिसर स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में रखा है। एसएसए के कर्मचारी बीएसए ऑफिस में जाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। मंगलवार को मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने अशोक नगर स्थित सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें तमाम खामियां मिलीं। एडी बेसिक ने निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है।
एडी बेसिक ऐश्वर्या लक्ष्मी मंगलवार को अशोक नगर स्थित सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय (एसएसए) में निरीक्षण करने पहुंची। पता चला कि बीएसए करीब एक महीने से इस कार्यालय में नहीं बैठे हैं। उक्त कार्यालय के कर्मचारी बीएसए कार्यालय में उपस्थिति लगाते हैं, जबकि इस रजिस्टर को एसएसए कार्यालय में होना चाहिए।
बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गोंड कार्यालय का समय खत्म होने के बाद रात को मीटिंग करते हैं, जिससे शिक्षकों व कर्मचारियों को परेशानी होती है। शासन की ओर से निर्माण कार्यों के लिए जारी बजट में से मात्र 31 प्रतिशत ही खर्च किया गया है, जो निर्माण कार्यों में लापरवाही दिखाता है।