आगरा के एत्माद्दाैला क्षेत्र से 8 अगस्त को लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी बिजलीघर चाैराहे पर मिल गई। मां ने बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पांच दिन बाद भी पुलिस ने किशोरी के कोर्ट में बयान दर्ज नहीं कराए। इस पर पीड़ित परिवार ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की है।
एत्माद्दौला निवासी महिला ने बताया कि बेटी को 8 अगस्त की सुबह क्षेत्र का काजू उर्फ धर्मेंद्र अपने दोस्तों के साथ कहीं ले गया। देर शाम तक बेटी घर नहीं आई। उन्होंने एत्माद्दौला थाने में केस दर्ज कराया। धर्मेंद्र उर्फ काजू पर शक जताया था। देर रात ढाई बजे बेटी ने फोन करके बताया कि वह बिजलीघर पर है। इस पर परिवार के लोग पहुंच गए। बेटी बदहवास हालत में मिली। उसको कोई नशा दिया गया था।
सुबह सोकर उठने पर बताया कि धर्मेंद्र उर्फ काजू व उसके दोस्त ले गए थे। उसे होटल में ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद चाैराहे पर छोड़ गए। मां ने थाने जाकर जानकारी दी। पुलिस ने मेडिकल के लिए भेज दिया। मगर, कोई कार्रवाई नहीं की। केस में सामूहिक दुष्कर्म की धारा भी नहीं बढ़ाई।
पीड़ित का आरोप है कि पुलिसकर्मी सिर्फ यही समझाते रहे कि अब केस दर्ज कराने से क्या होगा। मंगलवार को पीड़ित परिवार पुलिस आयुक्त कार्यालय गए। कोर्ट में बेटी के बयान दर्ज कराने के लिए प्रार्थनापत्र दिया है। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि किशोरी के बयान दर्ज कराए जाएंगे। बयानों में दुष्कर्म की बात सामने आने पर धारा बढ़ा दी जाएगी।