जीजा को गोली मारने के आरोप में गिरफ्तार पुरा जौमर्द का मोनू
बाह। खेड़ा राठौर के जौमर्दपुरा गांव में 18 दिन पहले पत्नी को विदा कराने गए युवक की ससुराल के लोगों ने पिटाई कर दी थी। भागने की कोशिश पर गोली मार दी थी। पैर में गोली लगने से युवक घायल हो गया था। पत्नी समेत ससुराल के चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने आरोपी साले को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
फतेहाबाद थाना क्षेत्र के जरारी गांव के रामबरन ने खेड़ा राठौर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस को बताया था कि 14 साल पहले खेड़ा राठौर के जौमर्दपुरा गांव की अनीता के साथ शादी हुई थी। रुपयों के लेनदेन एवं पारिवारिक कलह से पत्नी एक महीने पहले मायके जौमर्दपुरा गांव आ गई थी। 25 दिसंबर की शाम 5 बजे पत्नी को विदा कराकर ले आने के लिए जौमर्दपुरा गांव आया था। ससुर भूरे सिंह, सास हेमा, साला मोनू और पत्नी अनीता घर पर मिले। अनीता से घर चलने के लिए कहा तो मना करते हुए झगड़ने लगी। आरोप है कि ससुर और अनीता पकड़कर उसकी पिटाई करने लगे। छूटकर भागने का प्रयास किया तो साले मोनू ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली पैर में लगी। पुलिस ने इलाज के लिए आगरा भेजा थ। थानाध्यक्ष खेड़ा राठौर ने बताया कि रविवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने रामलाल का पुरा मोड के पास से आरोपी मोनू को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त अवैध पिस्टल एवं कारतूस मिली। न्यायालय में पेश करने पर उसे जेल भेज दिया गया।