कासगंज के सहावर कोतवाली क्षेत्र के गांव रोशन नगर में शुक्रवार की रात शादी समारोह में खाने के विवाद में दूल्हन के चाचा ने हाथरस से आए बराती की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जनपद हाथरस कोतवाली सिकंदराराऊ के गांव गिलौली निवासी अरुण कुमार (50) पुत्र यशपाल सिंह शुक्रवार को रिश्तेदार योगेश पुत्र रईसपाल निवासी बस्तोई सिकंदराराऊ, जनपद हाथरस की शादी समारोह में शामिल होने के लिए रोशन नगर सहावर आए थे। समारोह में दुल्हन के चाचा विजय कुमार से अरुण कुमार की खाने की गुणवत्ता पर विवाद हो गया।
दोनों में जमकर कहासुनी हो गई। इसके बाद विजय ने 315 बोर के तमंचे से अरुण को गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। अरुण की मौत के बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। इस बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी।
सूचना पाकर सहावर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। इसके अलावा एसपी अंकिता शर्मा, एएसपी राजेश भारती, सीओ सहावर शाहिदा नसरीन मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में युवक के भाई ललित कुमार ने आरोपी विजय कुमार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गांव के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा बरामद कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की है।