मंडप सजा हुजा था। बाराती बैंड-बाजे की धुन पर नाच रहे थे। घोड़ी पर सवार दूल्हा आगे बढ़ रहा था, तभी उस पर दुल्हन की नजर पड़ी तो वो हैरान हो गई। उसने शादी करने से इंकार कर दिया।
इस खबर से शादी समारोह में सन्नाटा पसर गया। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर हुआ क्या है ? दुल्हन अपनी जिद पर अड़ी रही और रात को ही परिजनों के साथ घर चली गई।
हैरान कर देने वाला यह मामला उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में सामने आया है। फिरोजाबाद की रहने वाली लड़की ने ऐन वक्त करने शादी करने से इंकार कर दिया। जब वजह पता चली तो लोग हैरान रह गए।
दरअसल, लड़की को जो लड़का देखने आया था दूल्हा वो नहीं, कोई और था। बदला दूल्हा देखकर दुल्हन ने शादी करने से साफ मना कर दिया। दोनों पक्षों के समझाने पर भी वो नहीं मानी।
औंछा के मोहल्ला खरउआ निवासी राकेश गुप्ता के पुत्र अभिषेक उर्फ मोनू गुप्ता की शादी फिरोजाबाद के एक मोहल्ला निवासी लड़की के साथ तय हुई थी। 19 जून को शादी का कार्यक्रम एक पब्लिक स्कूल औंछा में रखा गया था।
दुल्हन पक्ष के तमाम रिश्तेदार तथा परिवार के लोग दुल्हन को लेकर मंगलवार की शाम औंछा पहुंच गए। घुड़चढ़ी रस्म के दौरान दुल्हन की नजर दूल्हे पर पड़ी तो उसने अपने घर वालों को बुलाकर शादी करने से मना कर दिया।
दुल्हन ने नहीं की शादी
दुल्हन का कहना था कि दूल्हा बदला हुआ है। जो लड़का उसे देखने आया था वो दूल्हा नहीं है। दुल्हन के मना करते ही समारोह स्थल पर अफरातफरी मच गई। दोनों पक्षों ने दुल्हन को बहुत देर तक समझाया, लेकिन वो जिद पर अड़ी रही।
उसका कहना था कि वो अपनी जिंदगी बर्बाद नहीं करेगी। उसके साथ धोखा हो रहा है। देर रात तक लोग दुल्हन को मनाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वो नहीं मानी। इसके बाद दुल्हन गाड़ी में बैठकर अपने घर चली गई।