मैनपुरी जिले के थाना कुरावली क्षेत्र में चौथी की विदा से एक दिन पूर्व विवाहिता ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। ससुरालीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। विवाहिता जनपद इटावा क्षेत्र की रहने वाली थी और 26 मई को ही उसकी शादी हुई थी। गुरुवार को पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया।
जिला इटावा के थाना सैफई क्षेत्र के गांव हीरापुर निवासी लक्ष्मी देवी ने अपनी 19 वर्षीय पुत्री कल्पना की शादी 26 मई 2021 को थाना कुरावली क्षेत्र के गांव सिढ़पुरा निवासी देवेंद्र कुमार के साथ की थी। तीन जून गुरुवार को चौथी की विदा होनी थी। बुधवार की रात देवेंद्र और कल्पना छत पर सो रहे थे। परिजनों के अनुसार रात करीब 11 बजे कल्पना नीचे आई और उल्टियां करने लगी।
घरवाले जाग गए और उसे अस्पताल ले जाने लगे तभी विवाहिता ने मना करते हुए कहा कि अब वह नहीं बचेगी, उसने जहर खा लिया है। परिजन कल्पना को जिला अस्पताल ले गए, लेकिन जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर मायके पक्ष के लोग भी आ गए। कल्पना ने ऐसा क्यों किया इसको लेकर किसी के पास कोई जवाब नहीं था।