सवारियों को लेकर एटा जा रही रोडवेज बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। बेकाबू होकर बस सड़क पर दौड़ी तो यात्रियों में चीख पुकार मच गई। गनीमत ये रही कि बस नाले पर चढ़कर रुक गई।
फिरोजाबाद में एटा की ओर जा रही शिकोहाबाद डिपो की बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया। इससे वह असंतुलित होकर श्याम बीज एजेंसी के समीप नाले पर चढ़कर रूक गई। गनीमत रही कि बस की गति धीमी थी। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार दोपहर शिकोहाबाद डिपो की बस शिकोहाबाद से चलकर एटा के लिए जा रही थी। सर्विस रोड पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। वह असंतुलित हो गई। बस के ब्रेक फेल होते ही बस में मौजूद सवारियों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने तुरंत ही हादसे की संभावना को लेकर गति धीमी कर रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान श्याम बीज के पास बस चालक ने नाले के ऊपर बस का टायर चढ़ाकर बस को रोक लिया। जिससे नाले के ऊपर रखा ब्लॉक टूट गया।
बस के रुकते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली। हालांकि बस के बीज एजेंसी के पास अनियंत्रित होकर घुसने से लोगों में आक्रोश फैल गया था। विवाद की स्थिति तक पैदा हो गई। इसी दौरान एक बाइक सवार बस से टकराकर गिर गया। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि राजीव गुप्ता, प्रिंस जैन ने लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। एआरएम शिकोहाबाद शशिरानी ने बताया कि बस चालक द्वारा उन्हें इस तरह की कोई जानकारी नहीं दी गई है।