इस बार मानसून में ब्रज क्षेत्र में वन विभाग 27 सरकारी विभागों के साथ मिलकर 1.64 करोड़ पौधे लगाएगा। शुक्रवार को पर्यावरण दिवस से शुरू होने वाले महाभियान में पौधे रोपे जाएंगे। इसके बाद मानसून की पहली बारिश होने के बाद पौधे लगाने का काम किया जाएगा।
वन संरक्षक अनिल कुमार पटेल ने बताया कि चारों जिलों का लक्ष्य तय किया गया है। 27 विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। सबसे ज्यादा आगरा में 53,34,914 पौधे रोपे जाएंगे। इसके अलावा फिरोजाबाद में 44,13,932, मैनपुरी में 34,07,217 और मथुरा में 33,04,728 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान न केवल शुद्ध ऑक्सीजन देगा, बल्कि भूजल स्तर को सुधारने, जैव विविधता को बचाने और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
देसी और औषधीय पौधों पर जोर
वन संरक्षक अनिल पटेल ने बताया कि पर्यावरण दिवस से पहले सरकारी विभागों को नर्सरियों से पौधे उपलब्ध करा दिए गए हैं। इस बार पौधरोपण में जैव विविधता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ऐसे पौधे चुने गए हैं जो दीर्घायु होने के साथ-साथ औषधीय महत्व रखते हैं। इनमें मुख्य रूप से छायादार और फलदार पौधे जैसे- पीपल, बरगद, पाकड़, नीम, अर्जुन, जामुन, सहजन, शीशम, कदंब, बेल, गूलर और आम लगाए जाएंगे।
419 जगहों पर लगाए जाएंगे पौधे
अपर प्रधान वन संरक्षक भीम सेन ने बताया कि इस बार 419 जगहों को पौधारोपण के लिए चुना गया है। वन विभाग के साथ अन्य विभाग भी पौधे रोपेंगे, जिनके लिए वह जमीन तय करेंगे। मानसून के बाद पहली बारिश होते ही यह अभियान जोर पकड़ेगा। आपसी सहयोग और सही नियोजन के साथ 1.64 करोड़ से अधिक पौधे लगाने के इस विशाल लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया जाएगा।
यह प्रमुख विभाग लगाएंगे पौधे
| ग्राम्य विकास विभाग |
55,81,751 |
| पंचायती राज विभाग |
6,38,000 |
| माध्यमिक शिक्षा विभाग |
38,000 |
| बेसिक शिक्षा विभाग |
62,000 |
| उच्च शिक्षा विभाग |
1,06,000 |