कासगंज के थाना अमांपुर क्षेत्र में सोमवार को प्रेमी युगल ने जहर पीकर जान देने की कोशिश की। जहर पीने से पहले जहर मिले पानी से भरे गिलासों के फोटो और संदेश अपने-अपने परिजनों को व्हाट्सएप पर भेजे, जिससे हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत में दोनों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव ऐमनपुर निवासी 22 वर्षीय युवक का प्रेम प्रसंग पिछले एक साल से शहर की एक कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय युवती से चल रहा है। सोमवार दोपहर प्रेमी और प्रेमिका के परिजनों के व्हाट्सएप पर प्रेमी-प्रेमिका द्वारा गिलास में जहर भरकर फोटो भेजे गए। उन फोटो को देखकर दोनों के परिवारों में हड़कंप मच गया।
कमालपुर के पास जंगल में मिले दोनों
प्रेमी के परिजनों को पहले से ही पता था कि प्रेमी एंटी लार्वा दवा छिड़काव का ट्रैक्टर चलाने के लिए अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में गया हुआ है। ऐसे में प्रेमी के परिजनों ने प्रेमिका के परिजनों को सूचना दे दी। वे कमालपुर पहुंचे, जहां प्रेमी प्रेमिका की तलाश की। गांव के समीप जंगल में दोनों बेहोशी की हालत में मिले। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया गया।