मैरिज होम से घर के बाहर फेंके हड्डियों के टुकड़े
- विरोध करने पर संचालक और परिजन ने देवर-भाभी को पीटा
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। मोहल्ला सराय भटेला में एक मैरिज होम में कार्यक्रम के बाद बची हुई हड्डियां आदि पीड़ित के दरवाजे पर फेंक दी जाती हैं। विरोध करने पर संचालक व परिजन झगड़ा करते हैं। शनिवार की रात नामजद लोगों ने देवर-भाभी को गाली गलौज करते हुए पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला सराय भटेला निवासी कांती देवी के घर के पास केजीएन मैरिज होम संचालित है। वहां आए दिन बरात आदि के कार्यक्रम होते है। दावत में बचा मीट और हड्डियों को उनके घर के बाहर फेंक दिया जाता है। जब विरोध करतीं हैं तो संचालक व परिजन लड़ाई झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। शनिवार की रात मैरिज होम में एक बरात चढ़ रही थी। आतिशबाजी चल रही थी, इस बीच मैरिज होम संचालक खालिद अख्तर, ताहिर अख्तर ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। जब विरोध किया तो उन्हें पीटना शुरू कर दिया। देवर चंद्रकांत बचाने के लिए आया तो उस पर भी हमलावर हो गए। खालिद के परिजन ने ईंट पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। हमले में देवर-भाभी को काफी चोट लगीं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल देवर भाभी का पुलिस ने मेडिकल कराया। मैरिज होम संचालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।