जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय आगरा
- फोटो : जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय आगरा
आगरा। बोर्ड परीक्षा के बारे में मंगलवार को समीक्षा बैठक होगी। इसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि अब तक 50 आवेदन नए परीक्षा केंद्र बनाने के लिए प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा चार केंद्र ऐसे हैं जिनके खिलाफ वर्ष 2015 में एफआईआर दर्ज हुई थी। कुछ अन्य परीक्षा केंद्रों के लिए भी ऑनलाइन प्रत्यावेदन प्राप्त हुए हैं।
कुछ स्कूलों ने ऑनलाइन जानकारी में तथ्य बदलकर अपनी सुविधाओं को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया, जैसे कम कमरों को ज्यादा बताना, संकरे रास्तों को चौड़ा दिखाना और बिना दरवाजे-खिड़कियों वाले कमरों को मानक के अनुरूप दिखाया गया है। विवादित स्कूलों में श्रीमती शंकर देवी इंटर काॅलेज करभना धांधूपुरा (कोड 1321), आदर्श सैनिक इंटर काॅलेज मियांपुर टीडीआइ सिटी (कोड 1719), श्री परशुराम इंटर काॅलेज विसारना (कोड 1782) और श्री जगनसिंह इंटर काॅलेज सैयद नदौता (कोड 1679) शामिल हैं।
सभी की जांच एसडीएम और पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से कर रहे हैं। एसडीएम की जांच रिपोर्ट के बाद केंद्रों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। जिले में 160 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं इनमें एत्मादपुर 18, खेरागढ़ 23, बाह 16, किरावली 19, सदर 65 और फतेहाबाद 19 शामिल हैं।
बालिकाओं के लिए अधिकतम 5 किमी. और बालकों के लिए 10 किमी. दूरी का मानक लागू किया गया है। प्राथमिकता के आधार पर राजकीय, एडेड और वित्तविहीन विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि ऐसे स्कूल जिनके खिलाफ पूर्व में एफआईआर या मुकदमा दर्ज हो या जो बोर्ड मानकों को पूरा नहीं करते, उन्हें परीक्षा केंद्र न बनाया जाए।