फिरोजाबाद में शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला माधौगंज स्थित कई गेस्ट हाउसों में शादी समारोह थे। बारातों में आतिशबाजी चलाई जा रही थी। किसी एक बारात में आतिशबाजी चलाते समय छोटी तोप फट गई जिससे आतिशबाजी चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बैंडबाजे बारात छोड़ कर भाग गये। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
माधौगंज स्थित बटेश्वर रोड पर कुछ ही दूरी पर चार गैस्ट हाउस हैं। सभी में गुरुवार को शादी समारोह आयोजित किए जा रहे थे। बताया जाता है कि बारात चढ़त के समय आतिशबाज आतिशबाजी चलाते हुए चल रहा था। एक गैस्ट हाउस के सामने खाली जमीन पर आतिशबाज मानवेंद्र पाल (25) पुत्र ओम प्रकाश निवासी गिधौरा थाना मटसेना चला रहा था, तभी आतिशबाजी चलाने वाली छोटी तोप फट गई और उसमें से निकली लोहे की चिपट उसकी गर्दन में समा गई।
जिसके बाद युवक ने तड़फ.तड़फ कर दम तोड़ दिया। शव के पास फटी हुई तोप और माचिस पड़ी मिली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। बैंडबाजे बारात को छोड़ कर भाग गये। किसी ने युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाना भी मुनासिब नहीं समझा। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसओ ऊदल सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।